इथेनॉल प्लांट को बंद नहीं होने देगी सरकार, बातचीत के लिए CM नीतीश जाएंगे दिल्ली

Uncategorized

बीपी डेस्क। बजट सत्र के 10वें दिन आज बिहार विधानसभा में इथेनॉल प्लांट से उत्पादित हो रहे इथेनॉल की खरीद का मामला उठा. सत्ता पक्ष के विधायक की तरफ से ही इसको लेकर सवाल उठाया गया था. उसका जवाब देते हुए उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि हम लोग भी केंद्र सरकार से आग्रह कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली जा रहे हैं. इसको लेकर सीएम भी वहां बात करेंगे.बिहार के प्लांट से एथेनॉल खरीदने का मामला जेडीयू विधायक श्याम रजक ने उठाया. उन्होंने कहा कि इथेनॉल नहीं खरीदे जाने के कारण प्लांट के बंद होने का खतरा बढ़ गया है. दूसरे राज्यों में ज्यादा इथनॉल खरीदा जा रहा है, जबकि बिहार के कोटे को आधा कर दिया गया है.

इस पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि एग्रीमेंट के तहत 1060 किलो लीटर प्रतिदिन इथनॉल उत्पादन होने का था, बाद में 1602 से ज्यादा का उत्पादन यहां होने लगा. 1060 किलो लीटर लेने की ही बाध्यता है, बावजूद इसके लिए पत्र लिखा है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार इसको लेकर काफी गंभीर है.

हालांकि मंत्री के जवाब से जेडीयू के विधायक श्याम रजक संतुष्ट नहीं दिखे. उन्होंने कहा कि सरकार गंभीर नहीं है. इस पर उद्योग मंत्री ने कहा कि भारत सरकार से अनुरोध किया है. जल्द ही कोटा बढ़वाने का काम होगा. इसको लेकर कई विधायकों ने भी सवाल उठाया. बीजेपी विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि मक्का के किसान भी त्राहिमाम की स्थिति में है.

आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा कि उद्योग का मालिक दिवालिया हो रहा है. बैंक नोटिस दे रही है. उद्योग अब आगे नहीं आएगा. जब आप जान रहे थे कि खरीदारी नहीं होगी तो झूठा आश्वासन देकर फैक्ट्री क्यों लगवाया और किसानों को मक्का लगाने के लिए क्यों उकसाया? जबकि बीजेपी के जीवेश कुमार ने पूछा कि क्या शेष बचे इथनॉल का विपणन कहीं और करवाने का विचार रखती है सरकार?