सीएसएसआर जोनल प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने मारी बाजी, सात राज्यों में पहला स्थान

पटना

-सफलता के बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तय हुई अर्हता, विभागीय मंत्री और पदाधिकारियों ने दी शुभकामानाएं

बीपी डेस्क। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), बिहार की टीम ने आधुनिक उपकरण एवं संसाधनों के साथ अंतर-राज्यीय कोलप्स्ड स्ट्रक्टर सर्च रेस्क्यू (सीएसएसआर) जोनल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है। यह प्रतियोगिता नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स की द्वितीय बटालियन कोलकाता में आयोजित की गई थी।

प्रतियोगिता में देश के 07 राज्यों बिहार, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय की 8 एसडीआरएफ टीमों ने भाग लिया, जहां खोज एवं बचाव कार्यों से संबंधित विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक दक्षताओं का मूल्यांकन किया गया।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बिहार से 24 सदस्यीय टीम ने अपनी उच्च स्तरीय तैयारी, समन्वय क्षमता, त्वरित निर्णय कौशल एवं पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।

इस उपलब्धि के मिलने के बाद टीम ने गाजियाबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी औपचारिक अर्हता प्राप्त कर ली है। इसके लिए विभागीय मंत्री नारायण प्रसाद, राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह सहित दूसरे पदाधिकारियों ने टीम के सदस्यों को शुभकामना और बधाई दी है।