चंपारण की खबर : आपदा प्रबंधन योजना पर इंटरफेस कार्यक्रम का हुआ आयोजन

मोतिहारी

-बरदाहा पंचायत का आपदा जोखिम न्यूनीकरण योजना तैयार किया

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। सेल्स्फोर्स के सहयोग से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार एवं बाल रक्षा भारत के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को मोतिहारी सदर प्रखंड अंतर्गत बरदाहा पंचायत भवन में आपदा प्रबंधन योजना (बीएमपी) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला-स्तरीय इंटरफेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कर्तव्यधारियों एवं समुदाय के बीच आपदा प्रबंधन को सशक्त और व्यवहारिक बनाने पर विस्तृत संवाद हुआ।

बैठक का संचालन बाल रक्षा भारत के हामिद रज़ा एवं सत्य प्रकाश ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण एवं स्वागत सत्र से हुई, जिसके पश्चात उद्घाटन सत्र में संस्था प्रतिनिधियों ने बैठक के उद्देश्य एवं रूपरेखा पर प्रकाश डाला। डीडीएमए प्रतिनिधि द्वारा जिले में बाढ़, शीतलहर, गर्मी की लहर एवं भूकंप जैसी संभावित आपदाओं के परिदृश्य पर चर्चा करते हुए वर्तमान जिला आपदा प्रबंधन योजना की स्थिति और चुनौतियों को रेखांकित किया गया।

संदर्भ प्रस्तुति के दौरान विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों (एडब्लूसी) एवं समुदाय स्तर पर जोखिमों की पहचान पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को समूहों में विभाजित कर जोखिम विश्लेषण, संवेदनशील समूहों—विशेषकर बच्चों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों की सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श कराया गया।

हितधारक संवाद सत्र में विभिन्न समूहों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिस पर विभागीय प्रतिनिधियों ने प्रतिक्रिया दी। बैठक में बरदाहा पंचायत की आपदा प्रबंधन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभागवार जिम्मेदारियाँ तय की गईं तथा समयबद्ध कार्ययोजना पर सहमति बनी। साथ ही, डीपीएम में आवश्यक संशोधनों के लिए प्राथमिकता आधारित सुझावों का संकलन कर अनुवर्ती तंत्र निर्धारित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में संबंधित विभागों द्वारा प्रतिबद्धता वक्तव्य दिया गया तथा अगली समीक्षा बैठक की रूपरेखा तय की गई। बैठक में मुखिया मोहन सहनी, सरपंच मुरारी सहनी, पंचायत समिति सदस्य राजेश सहनी, समाज सेवी अज़हर हुसैन अंसारी, वार्ड सदस्य रामायण सहनी, शिव शंकर सहनी, वीरेंद्र राम, शिक्षक सुनील सहनी, विनय कुमार,

संजय सरकार, लेडीज सुपरवाइजर रंजना कुमारी, कचहरी सचिव राघवेंद्र कुमार, सेविका करिश्मा कुमारी, मैना देवी, मीना देवी, अनिता कुमारी, पूजा कुमारी, संगीता कुमारी, जयंती देवी, मनीषा देवी, मनीषा कुमारी, मुस्कान कुमारी, करीमा कुमारी, सोनम कुमारी सहित बड़ी संख्या में ऑफिस सर्विस प्रोवाइडर एवं समुदाय के लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अपेक्षित परिणामों में संशोधित एवं संदर्भानुकूल डीएमपी का प्रारूप तैयार करना, विभागवार जिम्मेदारियों की स्पष्टता, सामुदायिक फीडबैक का औपचारिक समावेश तथा मॉनिटरिंग तंत्र की स्थापना शामिल है।