बीपी डेस्क। इजराइल ने अमेरिका के साथ मिलकर शनिवार (28 फरवरी) को ईरान पर हमला किया. इस हमले में ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई जगहों को निशाना बनाया गया. इस हमले में स्कूल पर भी बमबारी की गई. वहीं हमले में रविवार (1 मार्च 2026) को ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई.
इस बीच ईरान पर हमले और सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन पर तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने प्रतिक्रिया दी है. पार्टी की तरफ से सोशल मीडिया प्लेट्फॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा गया कि अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत के साथ भारत ने अपना एक दोस्त खो दिया है. इस हमले की निंदा करते हुए आरजेडी ने आगे लिखा कि हजारों बेकसूरों ने अपनी जान गंवाई है.
अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के उद्देश्य से किया गया ईरान पर हमला पूरी मानवता के विरुद्ध हमला है. पार्टी ने कहा कि इराक, लीबिया, सीरिया जहां भी अमेरिका ने हमला किया. उन देशों को और वहां के नागरिकों के जीवन को अमेरिका ने बर्बाद कर दिया.
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की पुष्टि आधिकारिक तौर पर हो चुकी है. ईरान के सरकारी मीडिया ने रविवार (1 मार्च) की सुबह को पुष्टि की कि खामेनेई अमेरिका-इजरायल हमलों में मारे गए. खामेनेई की मौत की खबर के बाद ईरानी सरकार ने 40 दिन के शोक का ऐलान किया है.
ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि खामेनेई के चार रिश्तेदार, जिनमें उनकी बेटी, पोता और दामाद शामिल हैं, भी अमेरिकी-इजरायली हमलों में मारे गए. फिलहाल अली खामेनेई की मौत को लेकर भारत में मुस्लिम समुदाय की तरफ से अमेरिका और इजराइल की कड़ी निंदा की जा रही है.
