बीपी डेस्क। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन के अवसर पर उनके पुत्र निशांत कुमार शुक्रवार को पटना स्थित महावीर मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने पिता के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। मंदिर पहुंचने पर निशांत कुमार ने विधिवत पूजा की और वहां मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात भी की।
पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आज उनके पिता का जन्मदिन है और इसी अवसर पर वह भगवान से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करने मंदिर आए हैं। निशांत कुमार ने कहा, “आज पिताजी का जन्मदिन है। मैं भगवान से यही प्रार्थना करने आया हूं कि वह स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और इसी तरह बिहार की जनता की सेवा करते रहें।
बिहार का विकास निरंतर होता रहे, यही कामना है।” उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने भगवान से अपने लिए भी आशीर्वाद मांगा है, ताकि परिवार और राज्य दोनों के लिए सकारात्मक कार्य करते रहने की शक्ति मिलती रहे।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर महावीर मंदिर में की गई यह पूजा राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बनी रही। जन्मदिन के मौके पर राज्यभर में समर्थकों और कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
