चंपारण की खबर : होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं, डीजे और अश्लील गानों पर प्रतिबंध: SP

मोतिहारी

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने होली के त्यौहार को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि शांति और सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त रुख अपनाएगी।

जिले के सभी थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर आम जनता से सहयोग की अपील की जा रही है। एसपी ने कड़े शब्दों में कहा है कि होली के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी और इसका उल्लंघन करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जारी निर्देशों में यह भी कहा गया है कि अश्लील गाने बजाने वाले या अश्लीलता प्रदर्शित करने वाले आर्केस्ट्रा संचालकों को भी बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष निगरानी रखने और त्वरित एक्शन लेने का आदेश दिया गया है।

नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान और तेज होगा, जिसमें शराब और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी या सेवन करने वालों को सीधे जेल की हवा खानी पड़ सकती है। पुलिस इस बार युद्ध स्तर पर छापेमारी और चेकिंग अभियान चला रही है।

सोशल मीडिया की गतिविधियों पर भी प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें।

असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाए जाने वाले भ्रम या नफरत भरे संदेशों पर पुलिस तकनीकी सेल के माध्यम से नजर रख रही है और दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य है कि जिले के सभी नागरिक सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में रंगों का यह उत्सव मना सकें।