होली में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर दी चेतावनी
अरेराज, प्रतिनिधि। होली पर्व को आज अरेराज नगर पंचायत क्षेत्र में मिलावटी रंग, गुलाल एवं मिठाई की बिक्री को रोकने को लेकर विशेष निरीक्षण अभियान चला। यह संयुक्त छापेमारी अभियान अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में कार्यपालक दंडाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत अरेराज की उपस्थिति में हुई।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न दुकानों की जांच की गई। जांच के क्रम में कुछ दुकानों पर वैद्य व्यापार लाइसेंस उपलब्ध नहीं कराया गया। खाद्य पदार्थों के विक्रय के लिए आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए।
ऐसे दुकानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठान से जुर्माना व चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही लाइसेंस संबंधी दस्तावेज अविलंब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे केवल मानक अनुरूप एवं प्रमाणित रंग, गुलाल एवं खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें। मिलावट पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सर्वोपरि है। होली पर्व के दौरान इस प्रकार का निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा।
