सहरसा, प्रतिनिधि। मधेपुरा में घूस लेकर शराब तस्कर को छोड़ने के मामले में डीआइजी ने एक दरोगा को सस्पेंड कर दिया है। कोसी क्षेत्र के डीआईजी कुमार आशीष को सूचना मिली थी कि मुरलीगंज थाना में पदस्थापित एएसआइ बलिंदर पासवान ने एक व्यक्ति को शराब के साथ पकड़ने के बाद उससे अवैध रूप से पैसे लेकर छोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एएसआइ ने बेलो चामगढ़ चौक के पास पान दुकानदार को देसी शराब के साथ पकड़कर बेलो कैंप पर लाया था, लेकिन बाद में रुपए लेकर उसे छोड़ दिया। इस आरोप को संज्ञान में लेते हुए डीआइजी ने कुमार आशीष ने मामले की तत्काल जांच के आदेश दिए।
जांच की जिम्मेदारी मुरलीगंज थाना के थानाध्यक्ष को सौंपी गई,प्राथमिक जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि हुई और मामला प्रथमदृष्टया सत्य पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर कोशी क्षेत्र के डीआईजी ने कड़ा रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की।
उन्होंने एएसआइ बलिंदर पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। साथ ही पूरे मामले में विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक को दिए गए हैं।
इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है,अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या कर्तव्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय कार्रवाई के तहत अब पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।
नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिसमें संबंधित एएसआई की भूमिका और अन्य संभावित संलिप्तता की भी पड़ताल होगी। दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि आम जनता का विश्वास बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में सख्ती से निपटा जाएगा, ताकि कानून व्यवस्था और पारदर्शिता बनी रहे।
