वाटर पार्क में बवाल पर नालंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18 गिरफ्तार, अपर पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने स्वयं संभाला मोर्चा

नालंदा

— रोशन रोही समेत बाहरी राज्यों के बाउंसर दबोचे गए, हथियार और लग्जरी गाड़ियां जब्त

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र के नकटपुरा उपरौरा स्थित वाटर पार्क में रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुए बवाल, रोड़ेबाजी और गोलीबारी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस ने भोजपुरी गायक रोशन रोही समेत बाहरी राज्यों से बुलाए गए बाउंसरों सहित कुल 18 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।सोमवार को सभी आरोपितों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक नूरुल हक ने बताया कि 1 मार्च को वाटर पार्क में कार्यक्रम के दौरान और उसके बाद हुई हिंसक घटना को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में 33 नामजद एवं कई अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

रातभर चली छापेमारी

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद रविवार रात से ही सघन छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें 18 आरोपितों को दबोचा गया। गिरफ्तार लोगों में नालंदा, नवादा और सारण के अलावा जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और पंजाब के कई बाउंसर व निजी गार्ड शामिल हैं, जो कथित रूप से हथियारों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे।

अत्याधुनिक हथियार और गाड़ियां जब्त

पुलिस टीम ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और वाहन बरामद किए हैं। जब्त हथियारों में एक स्प्रिंग फील्ड आर्मरी फोल्डिंग राइफल, एक अन्य राइफल तथा 12 बोर की दो नाली बंदूक समेत कुल चार हथियार शामिल हैं।

इसके अलावा चार जिंदा कारतूस और फायरिंग में इस्तेमाल तीन खोखे भी बरामद किए गए। आयोजकों की दो स्कॉर्पियो (काले व उजले रंग) तथा एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

बाहरी बाउंसरों की भूमिका जांच के दायरे में

गिरफ्तार आरोपितों की सूची से स्पष्ट हुआ है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के बाउंसर बुलाए गए थे। इनमें पंजाब के कपूरथला व फतेहगढ़, जम्मू-कश्मीर के पुंछ तथा उत्तर प्रदेश के बागपत और शामली के लोग शामिल हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।