Bihar News : डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग में सचिव शीर्षत कपिल अशोक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न

पटना

-“मत्स्य उत्पादन, उत्पादकता एवं निर्यात को प्राथमिकता, बिहार को अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प”

पटना बीपी डेस्क। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार के सचिव श्री शीर्षत कपिल अशोक की अध्यक्षता में विभागीय सभागार, पटना में मत्स्य प्रभाग से संबंधित एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य राज्य में मत्स्य पालन क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निगरानी एवं भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श करना था।

बैठक के प्रारंभ में मत्स्य प्रभाग द्वारा संचालित योजनाओं, उपलब्धियों, वित्तीय प्रगति तथा आगामी लक्ष्यों से संबंधित विस्तृत प्रस्तुति पावर प्वॉइंट के माध्यम से दी गई। इस अवसर पर मत्स्य उत्पादन, उत्पादकता, आधारभूत संरचना विकास, लाभार्थी आच्छादन तथा योजनाओं की जमीनी प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान सचिव श्री शीर्षत कपिल अशोक ने विभागीय कार्यों को और अधिक गतिशील, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मत्स्य प्रभाग से संबंधित विकासात्मक एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण के लिए पंचायत स्तर पर मत्स्यजीवी सहयोग समितियों का गठन सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि के साथ-साथ निर्यात को बढ़ावा देने हेतु वरीय पदाधिकारियों के साथ गहन विमर्श किया। सचिव ने राज्यभर में योजनाओं की निगरानी, प्रबंधन एवं क्रियान्वयन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बिहार को मत्स्य पालन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विभागीय समन्वय, तकनीकी सुदृढ़ता, समयबद्ध सेवा प्रदायगी तथा योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनमानस को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर मछली की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आधुनिक मत्स्य रिटेल आउटलेट्स की स्थापना की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद सहज रूप से उपलब्ध हो सके।

इसके साथ ही मत्स्य पालन क्षेत्र में वाणिज्यिक एवं बाजार आधारित प्रथाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी सचिव महोदय द्वारा प्रदान किए गए। सचिव श्री शीर्षत कपिल अशोक ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जमीनी स्तर पर योजनाओं की सतत निगरानी करते हुए मत्स्य पालकों एवं किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता एवं तत्परता के साथ कार्य करें।

बैठक में मत्स्य प्रभाग के संयुक्त मत्स्य निदेशक (रा.पा.ई.) श्री दिलीप कुमार सिंह, उप सचिव श्री रामायण राम, संयुक्त मत्स्य निदेशक (मु.) श्री पवन कुमार पासवान सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *