पटना, बीपी डेस्क : बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में मचे घमासान के बीच डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कड़ा रुख कर लिया है। अधिकारियों की ओर से हड़ताल की धमकी और मुख्यमंत्री से गुहार लगाए जाने के बाद विजय सिन्हा ने कहा कि वो किसी भी प्रकार के दबाव में झुकने वाले नहीं हैं।
दरअसल, पटना, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में आयोजित ‘जन संवाद’ के बाद विभाग के अंचलाधिकारी (CO) और राजस्व कर्मियों में उनके ‘सख्त तेवरों’ को लेकर खलबली मची हुई है। विभाग के मंत्री विजय सिन्हा के सीधे दखल और ऑन-द-स्पॉट फटकार से घबराए बिहार राजस्व सेवा संघ ने मोर्चा खोल दिया है, जिसे मंत्री ने ‘अराजकता’ करार दिया।
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि भू-माफियाओं और जमीन के दलालों के साथ अब नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा, ‘हमने एक सप्ताह पहले ही चेतावनी दे दी थी। अब समय 420 (धोखाधड़ी) का खेल खेलने वालों पर सीधे कार्रवाई का है।’
मंत्री ने आदेश दिया है कि जो लोग फर्जी दस्तावेज के जरिए सही जमीन को विवादित बनाते हैं, उन पर तुरंत केस दर्ज किया जाए। उन्होंने दो-टूक कहा कि अगर अंचलाधिकारी भू-माफियाओं पर कार्रवाई करने में कोताही बरतेंगे, तो विभाग स्वयं उन अधिकारियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेगा।
मंत्री ने विभाग के भीतर बैठे उन काली भेड़ों को भी चेतावनी दी है जो माफियाओं के साथ मिले हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘राजस्व विभाग के कुछ लोग माफियाओं के प्रति सहानुभूति रखते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।’
अधिकारियों की नाराजगी पर तंज कसते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि उनके ‘जन संवाद’ में किसी को गाली या अपमान नहीं दिया जाता, बल्कि हजारों पीड़ितों की समस्याओं का समाधान किया जाता है। सुधार के कार्य से केवल वही लोग परेशान हैं जो भ्रष्टाचार के सिस्टम को बचाए रखना चाहते हैं।
