मोतिहारी, राजन द्विवेदी। मोतिहारी नगर निगम की महापौर प्रिती कुमारी ने कहा है कि मोतिहारी शहर के समग्र एवं सतत विकास को गति देने के उद्देश्य से आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में छतौनी चौक से गाँधी चौक होते हुए जानपुल चौक तक मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर सड़क एवं प्रस्तावित नाला के मध्य पेवर ब्लॉक इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
इस विकासात्मक कार्य की कुल अनुमानित लागत 2,04,02,171.00 (दो करोड़ चार लाख दो हजार एक सौ इकहत्तर) है। परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र की शहरी सुंदरता में वृद्धि होगी, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित मार्ग उपलब्ध होगा तथा सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था अधिक सुचारू, सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनेगी।
महापौर ने बताया कि नगर निगम, मोतिहारी नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, शहर के नियोजित विकास तथा सुव्यवस्थित यातायात प्रणाली को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। यह परियोजना नगर के आधुनिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
