बीपी डेस्क। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार यात्रा पर निकलने वाले हैं। इसी महीने प्रस्तावित इस यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय विस्तृत कार्यक्रम तैयार करने में जुट गया है। यात्रा की तिथि और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद यह मुख्यमंत्री की पहली राज्यव्यापी यात्रा होगी। इस दौरान वे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री चुनाव में जीत दिलाने के लिए राज्य की जनता के प्रति आभार भी व्यक्त करेंगे।
बताया जा रहा है कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पिछली प्रगति यात्रा के दौरान किए गए वादों और लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा करना है। जिन योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनका मुख्यमंत्री लोकार्पण भी करेंगे। यात्रा के दौरान नीतीश कुमार आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री 14 जनवरी, मकर संक्रांति के बाद अपनी इस महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत कर सकते हैं। सीएम की यात्रा को लेकर राज्य के सभी जिलों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिलों के डीएम और एसपी को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं जिलावार स्थलों का चयन भी किया जा रहा है।
