नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा आगाज, किया 153 करोड़ का शिलान्यास, 29 करोड़ का उद्घाटन

पटना बिहार

बीपी डेस्क। दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार ने सीधे विकास के मैदान में उतरने का संदेश दे दिया है। उन्होंने अपनी बहुप्रतीक्षित समृद्धि यात्रा की शुरुआत पश्चिम चंपारण के बेतिया से की। पहले ही दिन सीएम नीतीश ने जिले को सैकड़ों करोड़ की योजनाओं की सौगात देकर यह स्पष्ट कर दिया कि उनकी प्राथमिकता अब योजनाओं की जमीनी हकीकत और विकास की रफ्तार है।

सुबह करीब 11.30 बजे मुख्यमंत्री बेतिया पहुंचे। उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। बेतिया पहुंचते ही सीएम का काफिला कुमारबाग स्थित विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) पहुंचा, जहां उन्होंने औद्योगिक गतिविधियों और स्टॉलों का निरीक्षण किया। इसके बाद वे रमना मैदान के लिए रवाना हुए, जहां समीक्षा बैठक और योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास कार्यक्रम तय है।

समृद्धि यात्रा के पहले ही दिन पश्चिम चंपारण को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री ने जिले में 153 करोड़ रुपये की लागत से 125 योजनाओं का शिलान्यास और 29 करोड़ रुपये की लागत से 36 योजनाओं का उद्घाटन किया। सड़क, आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास और औद्योगिक विस्तार से जुड़ी ये योजनाएं आने वाले समय में जिले की तस्वीर बदलने का दावा कर रही हैं।

सरकार का मानना है कि इन योजनाओं से न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि सीमावर्ती जिले पश्चिम चंपारण को विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जोड़ा जा सकेगा। समृद्धि यात्रा को सिर्फ औपचारिक दौरा नहीं माना जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य उन योजनाओं की समीक्षा करना है, जिनकी घोषणा पहले की गई थी।

सीएम नीतीश खुद अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट देख रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजनाएं कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखें। पश्चिम चंपारण के डीएम तरनजोत सिंह ने बताया कि रमना मैदान में मुख्यमंत्री को पहले हुई प्रगति यात्रा के दौरान किए गए ऐलानों पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिखाया जाएगा।

वही कुमारबाग बियाडा परिसर में सीएम नीतीश कुमार का स्वागत महिलाओं ने बड़ी गर्मजोशी से किया। हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री ने भी अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने जीविका दीदियों के स्टॉल का निरीक्षण किया और उनसे सीधे संवाद किया। बातचीत के दौरान जीविका दीदियों ने तालियां बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

मुख्यमंत्री की यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में 2000 से अधिक पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी हो रही है। कुमारबाग और रमना मैदान के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है। कुमारबाग और चनपटिया को बिहार सरकार ने पहले ही औद्योगिक क्षेत्र घोषित कर रखा है।

करीब 4 हजार एकड़ में फैले इस इलाके को लेकर सरकार की विशेष योजना है। समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का यहां आना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि उद्योग और निवेश सरकार की प्राथमिक सूची में सबसे ऊपर हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का पहला चरण 16 जनवरी से 24 जनवरी तक चलेगा।

इस दौरान वे बिहार के 9 जिलों का दौरा करेंगे। माना जा रहा है कि हर जिले में इसी तरह योजनाओं की समीक्षा और नई घोषणाओं के जरिए सरकार विकास की गति को तेज करने की कोशिश करेगी। कुल मिलाकर, बेतिया से शुरू हुई समृद्धि यात्रा ने साफ कर दिया है कि नीतीश कुमार अपने नए कार्यकाल की शुरुआत विकास और जवाबदेही के एजेंडे के साथ कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *