बिहारशरीफ के नकटपुरा वाटर पार्क गोलीकांड में गायक रोशन रोही को जमानत

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय: बिहारशरीफ के बहुचर्चित नकटपुरा वाटर पार्क गोलीकांड मामले में बड़ी अपडेट सामने आई है। मशहूर भोजपुरी गायक रोशन रोही उर्फ़ रोशन कुमार को बिहार शरीफ व्यवहार न्यायालय से जमानत मिल गई है। जमानत की कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद उनके समर्थकों और परिजनों ने राहत की सांस ली है।

क्या था पूरा मामला?

1 मार्च को नकटपुरा स्थित एक निजी वाटर पार्क में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें रोशन रोही मुख्य कलाकार थे। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए ₹299 का टिकट रखा गया था।

प्रशासन के अनुसार, बिना पूर्व अनुमति आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों द्वारा मुफ्त प्रवेश की मांग को लेकर आयोजकों व बाउंसरों से विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर पथराव शुरू हो गया। आरोप है कि इसके जवाब में निजी सुरक्षाकर्मियों और बाउंसरों ने कई राउंड फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग में युवक घायल, पत्रकार भी जख्मी

गोलीबारी में 18 वर्षीय सूबेलाल कुमार घायल हो गया। वहीं उग्र भीड़ के हमले में घटना की कवरेज कर रहे पत्रकार ऋषिकेश कुमार और एक वाहन चालक भी जख्मी हुए थे।

18 लोग गिरफ्तार, हथियार बरामद

घटना के बाद नालंदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोशन रोही समेत कुल 18 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक राइफल, एक फोल्डिंग राइफल, 12 बोर की दोनाली बंदूकें, कई जिंदा कारतूस और 30 से अधिक खोखे बरामद किए थे। साथ ही गायक के काफिले की तीन क्षतिग्रस्त एसयूवी गाड़ियां भी जब्त की गई थीं।

इस मामले में बिहार थाने में 33 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

जमानत मिली, लेकिन केस जारी

अदालत से जमानत मिलने का अर्थ यह नहीं है कि मामला समाप्त हो गया है। पुलिस की जांच, फरार आरोपियों की तलाश और न्यायालय में ट्रायल की प्रक्रिया जारी रहेगी। अब इस हाई प्रोफाइल मामले की आगे की कानूनी लड़ाई अदालत में लड़ी जाएगी।