बीपी डेस्क। राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और नागरिक-अनुकूल बनाने के लिए पटना नगर निगम (PMC) ने एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। अब शहर में सार्वजनिक स्थानों पर पान, गुटखा या अन्य तंबाकू उत्पाद खाकर थूकने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि सड़कों को गंदा करने वालों से न केवल जुर्माना वसूला जाएगा, बल्कि उन्हें सार्वजनिक रूप से बड़ी स्क्रीन पर फोटो लगाकर शर्मिंदा भी किया जाएगा।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, जो भी व्यक्ति खुले क्षेत्रों में थूकते हुए पकड़ा जाएगा, उस पर 500 का तत्काल जुर्माना लगाया जाएगा। इतना ही नहीं, गंदगी फैलाने वाले इन लोगों की तस्वीरें शहर भर में लगी ‘वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले’ (VMD) स्क्रीन पर प्रदर्शित की जाएंगी। निगम ने ऐसे व्यक्तियों को ‘नगर शत्रु’ (शहर का दुश्मन) की श्रेणी में रखने का निर्णय लिया है।
पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सह नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने बताया कि यह अभियान शहर की सुंदरता और सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) मुख्य भूमिका निभाएगा। पटना के लगभग 415 स्थानों पर 3,300 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो गांधी मैदान स्थित कंट्रोल रूम से जुड़े हैं।
इन कैमरों के जरिए सड़कों, फ्लाईओवर और चौराहों पर थूकने वालों की पहचान की जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से कई इलाके ‘रेड स्पॉट’ में तब्दील हो गए हैं, जो स्वच्छता रैंकिंग और सौंदर्य को प्रभावित करते हैं। उन्होंने निर्देश दिया है कि जो लोग सड़कों पर थूकते या कूड़ा फैलाते पाए जाएंगे, उन्हें ‘नगर शत्रु’ के रूप में चिह्नित कर उनकी फोटो सार्वजनिक की जाए।
निगम की प्रवर्तन टीमें न केवल थूकने वालों पर, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब करने वालों पर भी जुर्माना लगा रही हैं। हाल ही में चलाए गए एक विशेष अभियान में, मल्टी-मोडल हब को पटना जंक्शन से जोड़ने वाले अंडरग्राउंड सब-वे के भीतर थूकने वाले लगभग 250 लोगों से जुर्माना वसूला गया है।
