Bihar Politics : जदयू की कमान संभालेंने से पहले निशांत ने विधायकों के साथ की बैठक

पटना

बीपी डेस्क। बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की खबर ने नई सरगर्मी पैदा कर दी है। माना जा रहा है कि यह कदम जदयू पार्टी में नई पीढ़ी को आगे लाने की बड़ी रणनीति का हिस्सा है। सूत्रों के मुताबिक रविवार को जदयू की सदस्यता लेने से पहले ही निशांत कुमार सक्रिय नजर आए।

उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर करीब दो दर्जन विधायकों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और कई वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवा विधायक भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि इस बैठक का मकसद जदयू के भविष्य और संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति तैयार करना था। निशांत कुमार ने वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी को आगे बढ़ाने के रोडमैप पर चर्चा की, वहीं युवा विधायकों के साथ बिहार में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों को जमीन पर और प्रभावी बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान इस बात पर भी जोर दिया गया कि पार्टी में युवाओं की भागीदारी कैसे बढ़ाई जाए और आने वाले समय में जदयू को नई ऊर्जा कैसे दी जाए। कई युवा विधायकों ने निशांत कुमार का स्वागत करते हुए उन्हें सक्रिय राजनीति में आने के लिए प्रोत्साहित किया।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में मौजूद कई विधायकों ने यह भी कहा कि अगर नई पीढ़ी को आगे बढ़ाना है तो निशांत कुमार को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। बैठक के बाद सभी नेताओं ने एक साथ ग्रुप फोटो भी लिया, जो अब सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

कुल मिलाकर बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय खुलने के संकेत मिल रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या निशांत कुमार सिर्फ सदस्यता तक सीमित रहेंगे या आने वाले दिनों में जदयू की सियासत में बड़ी भूमिका निभाते नजर आएंगे।