अपराधियों ने चलाई गोली तो पुलिस भी गोली चलाते हुए उन्हें खदेड़ा
मोतिहारी, राजन द्विवेदी। जिले में अपराध के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ अभियान के दौरान बीती रात मोतिहारी की सड़कों पर हाई-वोल्टेज ड्रामा दिखा। इस दौरान पुलिस ने होनेवाली हत्या या लूट जैसी घटना की साजिश को नाकाम कर दिया।
हालांकि इस दौरान अपराधियों की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी एक राउंड गोली चलाई। जिसमें एक अपराधी जख्मी हो गया। जिसे इलाज के लिए डाक्टर ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। जबकि पुलिस ने एक वाहन को कोटवा थाना क्षेत्र में बरामद कर जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पूरे जिले में बीती रात में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नगर थाना क्षेत्र के चांदमारी चौक पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध काले रंग की चार पहिया गाड़ी को रुकने का इशारा किया।
पुलिस को देखते ही अपराधियों ने रुकने के बजाय चालक ने सीधे पुलिसकर्मियों पर ही गाड़ी चढ़ाने का दुस्साहस किया। तैनात जवानों ने फुर्ती दिखाकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद अपराधी तेज रफ्तार में छतौनी की तरफ भाग निकले।
जिसके बाद नगर थाना की सूचना पर छतौनी थाना पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। छतौनी चौक पर पुलिस ने अपनी गाड़ियों और ट्रॉली से मजबूत घेराबंदी कर दी। लेकिन अपराधियों ने घेराबंदी तोड़ते हुए पुलिस की गाड़ी और ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी।
खुद को चारों तरफ से घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने भी फायरिंग की। वहीं भागने की हड़बड़ाहट में बेखौफ अपराधियों ने सड़क पर एक बेजुबान कुत्ते को भी कुचल डाला।
वहीं पुलिस के बढ़ते दबाव और पीछे से आ रही कई थानों की गाड़ियों के सायरन ने अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया। वे गाड़ी लेकर चकिया की तरफ भागे, लेकिन पुलिस ने आगे भी जाल बिछा रखा था। अंततः कोटवा थाना क्षेत्र में अपराधियों को लगा कि वे अब नहीं बच पाएंगे, तो वे सड़क किनारे गाड़ी छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए खेतों के रास्ते फरार हो गए।
पुलिस ने लावारिस हालत में उस गाड़ी को बरामद कर लिया है। वहीं गोली से एक अपराधी के जख्मी होने की बात एसपी ने बताते कहा कि किसी डाक्टर ने जख्मी का इलाज कर बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया है। इस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा ले रही है।
एफएसएल टीम गाड़ी के अंदर से उंगलियों के निशान और अन्य सुराग जुटा रही हैं। एमवीआई टीम ने बताया कि गाड़ी के इंजन और चेसिस नंबर के जरिए इसके असली मालिक का पता लगाया जा रहा है। छतौनी थाना में पुलिस पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि पुलिस फरार अपराधियों को ढूंढ निकालेगी। हम उनके बेहद करीब हैं। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों का अंजाम बुरा होगा।
वहीं इस घटना में बरामद उजले रंग के स्कार्पियो और पुलिस के बताए गए काले रंग के वाहन की बातों में विरोधाभासी लग रहा है।
