बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय: नालंदा पुलिस ने लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 132.68 ग्राम सोना, 23 लाख 39 हजार रुपये नकद, एक केटीएम बाइक और घटना में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने जानकारी दी।
बताया कि 26 फरवरी को अविनाश कुमार के घर में चोरी की घटना हुई थी। पीड़ित परिवार ने करीब 73 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने 25 वर्षीय कुख्यात आदित्य कुमार उर्फ ‘चिकारा’ उर्फ मनीष की पहचान की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसका पीछा करते हुए 8 मार्च को पटना सिटी बाइपास स्थित एक किराए के मकान से उसे उसके सहयोगी विपेंद्र कुमार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर चोरी के जेवरात खरीदने और गलाने वाले सुनार रजत खत्री और कपिल कुमार को भी पटना से गिरफ्तार किया। इसके अलावा गिरोह के अन्य सदस्य रोहित शर्मा और रोशन कुमार को भी पुलिस ने दबोच लिया।
मां और बहन भी निकली साजिश में शामिल
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी आदित्य चिकारा की मां सविता देवी और बहन वर्षा कुमारी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों महिलाएं चोरी के सामान और नकदी को छिपाने तथा ठिकाने लगाने में शामिल थीं।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी आदित्य चिकारा एक पेशेवर अपराधी है, जिसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में सात से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार सुनार रजत खत्री का भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी दो बार जेल जा चुका है।
अपराध से अर्जित संपत्ति होगी जब्त
जांच में सामने आया है कि चोरों ने बंद घर का फायदा उठाकर गोदरेज अलमारी का लॉक तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने चोरी के जेवरात के साथ उन्हें बेचकर जुटाई गई बड़ी रकम भी बरामद की है।
पुलिस अब नए कानून के तहत अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर रही है। नालंदा पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदर एसडीपीओ नुरुल हक उपस्थित थे।
