– बिहार दिवस की तैयारी को लेकर एसीएस ने की अधिकारियों के साथ बैठक
– सभी जगह साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था करने का निर्देश
बीपी डेस्क। बिहार दिवस के अवसर पर राजधानी पटना के तीन स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी तैयारी को लेकर अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की और कई अति आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में राज्य परियोजना निदेशक श्री नवीन कुमार ने बिहार दिवस को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी।
अपर मुख्य सचिव ने चरणबद्ध तरीके से सभी महत्वपूर्ण बिन्दुओं की समीक्षा की और कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह ही इस वर्ष भी 22 से 24 मार्च तक तीन स्थलों, गांधी मैदान, श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल और रविन्द्र भवन में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
उन्होंने कायर्क्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था कराने के लिए पीएचईडी और नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया, ताकि वहां आने वाले लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सकें।
उन्होंने विधि व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुगम ट्रैफिक संचालन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन तथा सुगम आवागमन का मैपिंग एवं इसका प्रचार-प्रसार करने का निर्देश भी दिया।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि बिहार दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, व्यंजन मेला, पुस्तक मेला, लोकनाटक, रंगमंच आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जायगा। सभी संबंधित पदाधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करेंगे।
इस मौके पर पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, बीएसइआईडीसी की निदेशक श्रीमती इनायत खां, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम विरकर, माध्यमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर, राज्य परियोजना निदेशक नवीन कुमार, निदेशक, प्रशासन मनोरंजन कुमार समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।
