अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर चंदतन पहाड़ी पर बच्चों और महिलाओं ने लिया उत्साहपूर्वक भाग, की ट्रेकिंग

सासाराम

रोहतास, अरविंद कुमार। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को रोहतास जिला प्रशासन द्वारा कला एवं संस्कृति विभाग तथा महिला एवं बाल विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में चंदतन पहाड़ी पर ट्रेकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने भाग लेकर उत्साहपूर्वक ट्रेकिंग का आनंद लिया।

कार्यक्रम में सासाराम की एसडीएम नेहा कुमारी, वरीय उपसमाहर्ता विनीता कुमारी, विनय प्रताप, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी पंकज कुमार तथा जिला कल्याण पदाधिकारी मुकेश कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान एसडीएम नेहा कुमारी ने ट्रेकिंग में शामिल बच्चों और महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाओं का मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त होना बेहद जरूरी है।

ट्रेकिंग जैसे आयोजनों से आत्मविश्वास बढ़ता है और जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया।

कार्यक्रम में अंबेडकर छात्रावास के बच्चों के साथ-साथ विभिन्न निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और स्काउट एंड गाइड के सदस्य भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ चंदतन पहाड़ी की ट्रेकिंग की और कार्यक्रम का आनंद लिया।

जिला पदाधिकारी रोहतास द्वारा जिले में ट्रेकिंग कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव लोगों के बीच काफी लोकप्रिय और सराहनीय रहा। बताया जाता है कि जिले में इस प्रकार का ट्रेकिंग आयोजन पहली बार किया गया, जिसे लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा गया।

जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम में शामिल बच्चों और प्रतिभागियों के लिए टी-शर्ट, टोपी और अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई थी। इस अनोखे आयोजन ने महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ-साथ युवाओं और बच्चों में साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि भी बढ़ाई।