Sasaram News : ट्रक की चपेट में आने से दिव्यांग युवक की मौत, भाई गंभीर रूप से घायल

सासाराम

सासाराम /अरविंद कुमार सिंह। संझौली थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें साइकिल सवार दो भाइयों को ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में एक दिव्यांग युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सासाराम रेफर कर दिया गया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, नोखा थाना क्षेत्र के डेरा गांव निवासी कालेन्द्र कुमार अपने भाई रमाकांत (पिता – सीताराम) को साइकिल से लेकर जा रहे थे। बताया जाता है कि रमाकांत दिव्यांग थे और उनके दोनों पैर से चलने में असमर्थ थे।

परिवार के अनुसार रमाकांत को कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद कुत्ते का झाड़-फूंक (झरवाने) कराने के लिए कालेन्द्र कुमार उन्हें साइकिल पर बैठाकर ले जा रहे थे।
इसी दौरान संझौली थाना क्षेत्र के अमेठी लाख के पास एक तेज रफ्तार ट्रक, जिस पर मिक्सर मशीन लगी हुई थी, अचानक साइकिल के पास पहुंच गया और दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि रमाकांत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कालेन्द्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल कालेन्द्र कुमार को तुरंत नोखा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए पहुंचाया गया।

वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही संझौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष पूनम कुमारी के निर्देश पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

हादसे की खबर मिलते ही लोहिया स्वच्छता मिशन के पर्यवेक्षक धर्मेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। वहीं सोतवा पंचायत में कार्यरत लोहिया स्वच्छता मिशन के सभी स्वच्छता कर्मियों ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना के बाद गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

घटना के सूचना पर पूर्व जिला परिषद सदस्य रवि शंकर सिंह, अनिल सिंह सहित कई लोग पहुंच करके मातम पूर्सी की और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। मृतक बीपीएल परिवार का होने के कारण प्रशासन पर इलाज करने के लिए मदद दिलाने और मुआवजा दिलाने की मांग की गई । थाना अध्यक्ष पूनम कुमारी द्वारा परिजनों को समझा बुझा करके शव को उठा कर पोस्टमार्टम के सासाराम भेज दिया।