राज्यसभा चुनाव को लेकर सुबह-सुबह जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के आवास पर हुई बैठक, मंत्री ने एनडीए की जीत का किया दावा

पटना

बीपी डेस्क। राज्यसभा की पांच सीटों के लिए सोमवार को वोट डाले जायेंगे. इससे पहले सियासत में बैठकों का दौर जारी है. आज शाम-शाम तक सब कुछ तय हो जाने की संभावना जताई जा रही है. इस बीच रविवार की सुबह जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर बैठक हुई.

बैठक में BJP के केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय शर्मा, हर्ष मल्होत्रा के साथ BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और JDU कोटे के मंत्री श्रवण कुमार पहुंचे थे. बैठक के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कॉन्फिडेंस के साथ यह दावा किया कि जीत एनडीए की ही होगी. वहीं श्रवण कुमार ने कहा कि महागठबंधन भले दवा करे, लेकिन जीत हम लोगों की होगी.

हम लोगों ने रणनीति बनाई है और लगातार हम लोग चुनाव जीते हैं. इस बार भी हम लोग ही चुनाव जीतेंगे. एनडीए के पांचवें कैंडिडेट के कंफर्मेशन के सवाल पर उन्होंने कहा कि आज शाम में विजय चौधरी के आवास पर बैठक होगी. उसमें यह तय किया जाएगा कि किसे प्रायोरिटी दी जाए.

जानकारी के मुताबिक, स्टेट गेस्ट हाउस में बीजेपी की बैठक होगी और मंत्री लेसी सिंह के आवास पर जेडीयू विधायकों की भी बैठक होगी. राज्यसभा चुनाव को लेकर ही दोनों बैठकों को बेहद खास माना जा रहा है. मंत्री और विधायकों की ओर से क्या कुछ तय किया जाएगा, इसका इंतजार किया जा रहा है.

राज्यसभा की पांच सीटों पर मतदान विधानसभा के मुख्य भवन के पहले फ्लोर पर स्थित पुराने वाचनालय कक्ष में सोमवार को सुबह नौ बजे से दोपहर चार बजे तक होगा. चुनाव की रिटर्निंग ऑफिसर विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह को बनाया गया है.

सोमवार को ही शाम पांच बजे से वोटों की गिनती का काम शुरू हो जाएगा. उसी दिन रिजल्ट भी आ जाएगा. भारत निर्वाचन आयोग ने 20 मार्च के पहले पूरी चुनावी प्रक्रिया समाप्त करने की तारीख निर्धारित की है.