Bihar Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा की पांच सीटों पर छह उम्मीदवारो में होगा रोमांचक मुकाबला, एनडीए और महागठबंधन ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार की

पटना

राजन दत्त। राज्यसभा चुनाव के लिए पांच सीटों पर छह उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से चुनाव रोचक हो गया है. पांचवीं सीट के लिए जरूरी मत एनडीए के पास नहीं है. विपक्ष के उम्मीदवार एआइएमआइएम, आइपी गुप्ता, बसपा विधायक को अपने खेमे में रख पायेंगे तो ही बात बन पायेगी. इस बीच दोनों गठबंधनों के बीच जीत की रणनीति तैयार की जा रही है.

एनडीए ने शनिवार को रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर बैठक कर 5वीं सीट की जीत की रणनीति पर चर्चा की. एनडीए में शामिल घटक दल जदयू, भाजपा, लोजपा आर, हम और रालोमो के विधायकों को वोट तय किया गया. रणनीति के तहत यह तय हुआ कि वोटिंग के कुछ समय पहले विधायकों को उनको यह बताया जायेगा कि उन्हें एनडीए के पांचों में से किस उम्मीदवार के पक्ष में वोट देना है.

महागठबंधन प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने को लेकर विरोधी दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने रविवार को सभी विपक्षी दलों के विधायकों की बैठक बुलायी. बैठक में सभी विधायकों को अपनी ताकत और प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने का पाठ पढ़ाया गया. सभी को मतदान की प्रक्रिया की जानकारी दी गई.

महागठबंधन ने दावा किया कि उनके पास जीत के लिए पर्याप्त आंकड़ा है.कांग्रेस पार्टी के सभी छह विधायक भी पटना पहुंच चुके हैं. प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और प्रदेश प्रभारी रविवार को दिल्ली से पटना पहुंचेंगे. यह पहली बार है कि विधानसभा चुनाव होने के बाद से लेकर अब तक कांग्रेस अपने विधायक दल के नेता और सचेतक का चुनाव नहीं कर पायी है.

ऐसे में विधायकों को दिशा निर्देश कौन करेगा, यह तय नहीं हुआ है. राज्यसभा की पांच सीटों पर मतदान विधानसभा के मुख्य भवन के पहले तल पर स्थित पुराना वाचनालय कक्ष में सोमवार को सुबह नौ बजे से दोपहर चार बजे तक होगा.

चुनाव की रिटर्निंग ऑफिसर विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह को बनाया गया है. सामवार को ही शाम पांच बजे से मतों की गिनती का काम शुरू हो जायेगा. उसी दिन रिजल्ट भी आ जायेगा. भारत निर्वाचन आयोग ने 20 मार्च के पहले पूरी चुनावी प्रक्रिया समाप्त करने की तिथि निर्धारित की है.