मोतिहारी, प्रतिनिधि। सेल्सफोर्स के सहयोग से बाल रक्षा भारत (सेव द चिल्ड्रेन) द्वारा रविवार को मोतिहारी सदर प्रखंड के बरदाहा पंचायत भवन में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ाव हेतु विशेष जनसुविधा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन स्थानीय मुखिया मोहन सहनी, सरपंच मुरारी सहनी, वार्ड सदस्य रामायण सहनी, शिव शंकर सहनी एवं झरिया देवी ने संयुक्त रूप से किया।
मुखिया मोहन सहनी ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ उनका लाभ प्राप्त करने में भी काफी सुविधा होती है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सरकारी योजनाओं से जुड़ने की अपील की।
शिविर में बाल रक्षा भारत (सेव द चिल्ड्रेन) के हामिद रजा और सत्यप्रकाश के नेतृत्व में संस्था द्वारा संचालित कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक हरि कुमार ने ऑनलाइन आवेदन, केवाईसी, बैंक खाता अपडेट, जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान किया।
इस दौरान वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, आवासीय, जाति और आय प्रमाण पत्र सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने के लिए लोगों के आवेदन लिए गए तथा उन्हें योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
शिविर में पुनर्पकली देवी, बीरबल सहनी, जीवत सहनी, बीरबल माझी, सुरेंद्र राय, रविन्द्र कुमार सहित लगभग 100 लोगों ने भाग लेकर सरकारी योजनाओं से जुड़ने का लाभ उठाया। इस अवसर पर हामिद रजा ने बताया कि इस तरह के निःशुल्क शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी है, ताकि जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ाव आपदा के जोखिम को कम करने और आपदा न्यूनीकरण में भी सहायक है। इसी उद्देश्य से बाल रक्षा भारत द्वारा निःशुल्क कॉमन सर्विस सेंटर का संचालन किया जा रहा है।
