कम उम्र वालों को बुजुर्ग बनाकर फायदा दिलाने का चल रहा था खेल, पुलिस छापेमारी जारी
मोतिहारी , राजन द्विवेदी। मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना में फर्जीवाड़ा करने वाले एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। साइबर पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन यादव के रूप में हुई है, जो पचपकड़ी थाना क्षेत्र के बशहीं गांव निवासी फेंकू यादव के घर से इस अपराध को अंजाम दे रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जितना, बनकटवा और पचपकड़ी थाना क्षेत्र के कुछ युवक भंडार गांव में बैठकर कम उम्र के लोगों के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवा रहे थे। इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना का लाभ दिलाया जा रहा था।
इस संबंध में साइबर डीएसपी अभिनव पाराशर ने बताया कि सरकारी योजनाओं में फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को गलत तरीके से लाभ दिलाने का काम एक संगठित गिरोह कर रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भंडार गांव से इस रैकेट में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया।
इस मामले में संदीप यादव, सुमन यादव, फेकू यादव और धीरज यादव की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार सूचना के आधार पर मोतिहारी साइबर थाने की पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान मौके से बड़ी मात्रा में आधार कार्ड, वृद्धा पेंशन के फॉर्म, जन्म प्रमाण पत्र, लैपटॉप, फिंगरप्रिंट डिवाइस, तीन डेमो फिंगरप्रिंट, मोबाइल, वेबकैम और कैमरा सहित कई उपकरण जब्त किए गए।
