राजगीर क्रिकेट स्टेडियम के शेष कार्यों में तेजी लाने हेतु समीक्षा बैठक, खिलाडियों के प्रैक्टिस के लिए 05 पिचें इसी माह में हो जाएंगी तैयार

पटना

स्टेडियम का मैदान एवं पवेलियन का कार्य पूर्ण हो गया है
खिलाडियों के प्रैक्टिस के लिए 05 पिच इसी माह  तैयार हो जाएंगी
स्टेडियम में 4 हाई मास्ट लाइट्स लगाईं जाएंगी
03 बहुउद्देशीय हॉल एवं साइकिल वेलोड्रम का निर्माण प्रगति पर।

बीपी डेस्क। भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री कुमार रवि के द्वारा आज राजगीर खेल परिसर में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम, बहुउद्देशीय हॉल एवं साइकिल वेलोड्रम के निर्माण कार्य में तेजी लाने हेतु महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की गई। उन्होंने क्रिकेट स्टेडियम, बहुउद्देशीय हॉल एवं साइकिल वेलोड्रम के कार्यों की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की जानकारी ली एवं कार्यपालक अभियंता एवं एजेंसी को तीव्र गति से कार्यों को पूर्ण करने का दिशा-निर्देश दिया।

सचिव ने क्रिकेट स्टेडियम में निर्माणाधीन जनरल स्टैंड वेस्ट (G+2), जनरल स्टैंड ईस्ट (G+2) एवं रिवर्स पवेलियन (G+2) सहित स्टेडियम के शेष कार्यों की प्रगति पर नाराजगी जताई। एजेंसी को कार्य में विलम्ब करने के लिए कड़ी चेतावनी दी गई। अगर निर्धारित माइलस्टोन के अनुसार काम नहीं होगा तो कंपनी पर पेनल्टी लगाया जाएगा। मार्च तक निर्धारित मिले लक्ष्य में कमी पाए जाने पर विभाग कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने के बारे में कार्रवाई करेगी। श्री कुमार के द्वारा एजेंसी को कार्य स्थल पर मैन पावर बढ़ाने के लिए भी निदेशित किया है।

क्रिकेट स्टेडियम में 4 हाई मास्ट लाइट्स लगाईं जानी है। सचिव ने कहा कि हाई मास्ट लाइट्स लगाने के लिए बीसीसीआई से सहमति प्राप्त कर लें ताकि अंतर्राष्ट्रीय मैचों के दौरान किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं हो। खिलाडियों के प्रैक्टिस के लिए 05 पिचें फरवरी माह में तैयार हो जाएगी। 2 प्रैक्टिस पिच लाल मिट्टी एवं 3 प्रैक्टिस पिच काली मिट्टी से बन रही है।

इस क्रम में उन्होंने राजगीर खेल परिसर में निर्माणाधीन 3 बहुउद्देशीय हॉल के कार्यों की समीक्षा की। हॉल का निर्माण जल्द पूर्ण करने का निदेश दिया गया ताकि कई तरह के इंडोर खेलों का आयोजन किया जा सके। उन्होंने साइकिल वेलोड्रम का कार्य भी तेजी से पूर्ण करने का निदेश दिया। इसके अलावा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने पर भी जोर दिया गया।

खेल परिसर के करीब 18 एकड़ भूखण्ड पर निर्माणाधीन राजगीर क्रिकेट स्टेडियम का मैदान एवं पवेलियन का कार्य पूर्ण हो चुका है। स्टेडियम का बिल्ट-अप एरिया 52318 वर्ग मीटर है। माननीय मुख्यमंत्री के कर-कमलों से क्रिकेट मैदान एवं पवेलियन का लोकार्पण सम्पन्न हो चुका है।

बीसीसीआई के मुख्य क्यूरेटर की देखरेख में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पिचों को तैयार किया गया है। यहां कुल 13 पिचें तैयार की गई हैं, जिनमें 6 पिचें महाराष्ट्र के पुणे की लाल मिट्टी और 7 पिचें बिहार के मोकामा की काली मिट्टी से तैयार की गई हैं। स्टेडियम को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। लगभग 40,000 दर्शकों के बैठकर मैच का लुफ्त उठाने की व्यवस्था की गई है। बारिश के मौसम में मैदान से पानी निकासी हेतु ड्रेनेज प्रणाली विकसित की गई है। क्रिकेट स्टेडियम में खिलाड़ियों एवं दर्शकों की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है।  

मुख्य पवेलियन में कोच और मैनेजर, खिलाड़ियों के परिजन एवं वीवीआईपी मेहमानों के लिए खास स्टैंड बनाए गए हैं। मीडिया बंधुओं एवं कमेंट्री के लिए समर्पित विशेष गैलरी भी है। इसके अलावा प्लेयर्स लाउंज, अम्पायर लाउंज, प्रेस कॉन्फ्रेंस रूम, वीआईपी सीटिंग, ड्रेसिंग रूम, कोच रूमं, फिजियो रूम, जिम, स्पा,  थर्ड अम्पायर रूम, कॉन्फ्रेंस रूम, स्कोर रूम, कैमरा प्लैटफॉर्म, शौचालय सहित अन्य कई तरह की सुविधाएं विकसित की गई हैं।
इसके अलावा स्कोर बोर्ड, साउंड सिस्टम, वाटर सप्लाई, फायर अलार्म और फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं स्थापित की जा रही हैं। कैमरा प्लैटफॉर्म और टीवी व रेडियो कमेंट्री रूम, मैच के प्रसारण को और बेहतर बनाएंगे।

भवन निर्माण विभाग के वरीय पदाधिकारियों एवं अभियंताओं के द्वारा स्टेडियम के गुणवत्तापूर्ण निर्माण हेतु लगातार अनुश्रवण एवं मॉनिटरिंग की जा रही है।

बीसीसीआई की देखरेख में बन रहा यह स्टेडियम राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के लिए पूरी तरह सक्षम होगा। यह क्रिकेट स्टेडियम स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं में प्रशिक्षण और खेलने का अवसर प्रदान करेगा, जिससे बिहार के युवा क्रिकेटर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।