बीपी डेस्क। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने बताया कि अजित पवार का अंतिम संस्कार सुबह 11 बजे विद्या प्रतिष्ठान मैदान में होगा. अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की उम्मीद है. अन्य दलों के नेताओं के भी उपस्थित रहने का अनुमान है.
अजित पवार की मौत पर महाराष्ट्र सरकार ने पूरे राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की. 28 जनवरी से 30 जनवरी तक राजकीय शोक मनाया जाएगा. इस दौरान उन सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा जहां इसे नियमित रूप से फहराया जाता है.
शोक की अवधि के दौरान कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा. बता दें कि बुधवार सुबह महाराष्ट्र के पुणे में विमान दुर्घटना में अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई. घटना उस वक्त हुई जब पवार और अन्य लोगों को ले जा रहा विमान बारामती के पास उतर रहा था.
सीएम नीतीश ने जताया दुःख
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार तथा अन्य लोगों के निधन पर दुःख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
