बीपी डेस्क। आज हालात ऐसे बन गए हैं कि गैस एजेंसी का नाम सुनते ही लोगों के मन में गुस्सा भर जाता है। गालियाँ दी जा रही हैं, आरोप लगाए जा रहे हैं… लेकिन इस शोर के बीच एक सच्चाई कहीं दब सी गई है—वह सच्चाई जो इन एजेंसी के लोगों की मेहनत और उनके संघर्ष की कहानी कहती है।
सुबह के 7 बजे जब शहर अभी पूरी तरह जागा भी नहीं होता, तब गैस एजेंसी का हर कर्मचारी अपने काम में लग चुका होता है। और रात के 10 बजे तक, जब लोग अपने परिवार के साथ चैन से बैठते हैं, तब भी ये लोग सड़कों पर होते हैं—थके हुए शरीर के साथ, लेकिन जिम्मेदारी से भरे दिल के साथी।
ज़रा उस डिलीवरीमैन के बारे में सोचिए…
जिसे आप गुस्से में दो शब्द सुना देते हैं, वही आदमी दिन भर भारी-भारी सिलेंडर उठाकर, पसीने में भीगकर, कभी धूप तो कभी भीड़ से लड़ते हुए आपके दरवाजे तक पहुंचता है। कई बार उसके अपने घर में भी समस्याएं होती हैं, लेकिन वह उन्हें पीछे छोड़कर आपके घर का चूल्हा जलाने निकल पड़ता है।
और एजेंसी का मालिक…
वह कोई पत्थर दिल इंसान नहीं है। वह भी हर दिन चिंता में जीता है—कैसे सबको गैस मिले, कैसे कोई ग्राहक नाराज़ न हो, कैसे नियमों का पालन भी हो और लोगों की जरूरत भी पूरी हो। लेकिन हालात ऐसे हैं कि लाख कोशिशों के बावजूद हर किसी तक समय पर पहुंच पाना हमेशा संभव नहीं हो पाता।
आज जो गालियाँ दी जा रही हैं, वे सिर्फ शब्द नहीं हैं…वे उन लोगों के दिल को चोट पहुंचाती हैं, जो दिन-रात आपकी सेवा में लगे हुए हैं।
जब आपके घर का चूल्हा जलता है, तो उसके पीछे किसी डिलीवरीमैन की टूटी हुई कमर, किसी कर्मचारी की अधूरी नींद, और किसी मालिक की अनगिनत चिंताएं छिपी होती हैं।
यह वक्त एक-दूसरे को दोष देने का नहीं, बल्कि एक-दूसरे का दर्द समझने का है।
थोड़ा धैर्य रखिए, थोड़ा सम्मान दीजिए… क्योंकि इसानीयत यही सिखाती है कि जो हमारे लिए मेहनत कर रहा है, उसे हम कम से कम अपमान तो न दें।
गाली नहीं, एक धन्यवाद दीजिए.
