सासाराम /अरविंद कुमार सिंह। ‘समृद्धि यात्रा’ के पांचवें चरण के अंतर्गत बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar मंगलवार को रोहतास जिले के डेहरी पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले सोन नदी के सतही जल के उपयोग के लिए निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के इंटेक वेल (Intake Well) निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और गति का जायजा लेते हुए इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके बाद उन्होंने सोन नदी में प्रस्तावित वीयर (WEIR) निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया तथा जल संरक्षण एवं आपूर्ति सुदृढ़ करने में इसकी अहम भूमिका पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के 3D मॉडल का अवलोकन कर परियोजना की रूपरेखा और क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। इसके उपरांत वे बस्तीपुर पहुंचे, जहां निर्माणाधीन प्लांट के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने लाभुकों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से जिले में 158.59 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 179 योजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि 321.5 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 129 नई योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त बीएमपी ग्राउंड-2 में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ‘समृद्धि यात्रा’ के माध्यम से विकास कार्यों की निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बिहार को एक समृद्ध और सशक्त राज्य बनाने के लक्ष्य को दोहराया।
