बीपी डेस्क। बिहार कृषि विश्वविद्यालय( बीएयू) के इस्लामपुर स्थित औषधीय,सुगंधित पौधा और पान आधारित अनुसंधान केन्द्र को राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर “उत्कृष्ट केंद्र पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। अनुसंधान में उल्लेखनीय योगदान के लिए विज्ञानी व एआरआइ के प्रभारी निदेशक डा शिवनाथ दास को सर्वश्रेष्ठ एआइसीआरपी वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
पूर्व मे भी यह अनुसंधान केंद्र दो बार सर्वश्रेष्ठ केंद्र पुरस्कार (2017-18 एवं 2020-21) प्राप्त कर चुका है, यह सम्मान डा शिवनाथ दास को औषधीय एवं सुगंधित पौधों तथा पान पर आधारित अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना की 33वीं वार्षिक समूह बैठक के दौरान प्रदान किया गया। बैठक का आयोजन 20 से 22 जनवरी 2026 तक कृषि महाविद्यालय, केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (CAU), पासीघाट, अरुणाचल प्रदेश में किया गया।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के कुलपति डा. डी आर सिंह ने विज्ञानी डा शिवनाथ दास को मिले राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ विज्ञानी पुरस्कार पर प्रसन्नता व्यक्त की. कुलपति ने कहा कि यह उपलब्धि बीएयू के लिए ही नहीं. बल्कि मगही पान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने सहित किसानों को जी आई के माध्यम से आर्थिक लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण कदम है।
इधर औषधीय पौधा एवं पान पर आधारित अनुसंधान में उत्कृष्ट योगदान के लिए इस्लामपुर अनुसंधान केंद्र के विज्ञानी एआरआई के प्रभारी निदेशक डा शिवनाथ को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ विज्ञानी का खिताब मिलने पर बीएयू के विज्ञानियों ने हर्ष व्यक्त किया है।
