Bihar News : अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल राजगीर के दिगंबर जैन धर्मशाला के कमरे से बेंगलुरु के चार पर्यटकों के शव बरामद

नालंदा

— कमरे के फंदे से लटके मिले चारों, मरने वालों में तीन महिलाएं एवं एक पुरुष
— पास से काफी मात्रा में नींद की गोलियां एवं एक लाख कैश बरामद

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय: बिहार राज्य के अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल राजगीर से एक दिल को दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां घूमने आए बेंगलुरु के चार पर्यटकों का शव राजगीर स्थित दिगंबर जैन धर्मशाला के कमरे के फंदे से लटका पाया गया। प्रारंभिक तफ्तीश में पुलिस ने इसे आत्महत्या करार दिया है।

मृतक के कमरे से उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड करीब 1 लाख रुपए नकद सहित काफी मात्रा में नींद की गोलियां बरामद हुई है। मरने वालों में तीन महिलाएं एवं एक पुरुष शामिल है। जिस कमरे में यह घटना घटी वह अंदर से बंद था नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने पूरे मामले की जांच को लेकर एक हाई लेवल टीम का गठन किया है।

घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मृतक बेंगलुरु के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनमें एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मशाला के रजिस्टर में जीआर नागा प्रसाद के नाम से 31 तारीख को कमरा बुक कराया गया था।

चारों पर्यटक नेपाल भ्रमण के बाद राजगीर पहुंचे थे। बीते दो- तीन दिनों से कमरा बंद था। शुक्रवार सुबह कमरे से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना राजगीर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोला गया।

अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी अचंभित रह गई, क्योंकि कमरे में चारों पर्यटकों के शव फंदे से लटके थे । इसके बाद तत्काल पूरे धर्मशाला परिसर और आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

राजगीर एसडीपीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन दिनों से एक कमरा बंद है और उसमें से बदबू आ रही है। जांच के दौरान चार शव मिलने की पुष्टि हुई।

प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि दो दिन पहले स्थानीय लोगों ने इन पर्यटकों को राजगीर बाजार में घूमते हुए देखा था।

पुलिस ने मृतकों के मोबाइल फोन के आधार पर उनके परिजनों से संपर्क साधने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पुलिस अमिरक्षा भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। आत्महत्या, हत्या या किसी अन्य कारण से मौत—इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट होगा।

मृतकों के नाम एवं उनके पते
1.जीआर सुमंगला, उम्र: 78, पति: रत्न बाला राजू जीएन
2.शिल्पा जीआर, उम्र: 48, पिता: जीएन रत्न बाला राजू
3.श्रुथा जी. वी, उम्र: 43,पिता: रत्न बाला राजू,
4.जीआर नागा प्रसाद, उम्र:50,पिताः रत्न वाला राजू
सभी मृतकों का पता
बैलेडा पेटे गुब्बी,( ग्रामीण) तामकुर कर्नाटक, पिन: 572216

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *