Bihar News : 6 से 8 फरवरी तक गांधी मैदान में भव्य बागवानी महोत्सव 2026

पटना

-किसानों की आय वृद्धि का सशक्त माध्यम बन रही बागवानी
-बागवानी महोत्सव 2026 में सभी का स्वागत : कृषि मंत्री

बीपी डेस्क। कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने आगामी बागवानी महोत्सव 2026 में सभी का हार्दिक स्वागत करते हुए किसानों, उद्यमियों एवं युवाओं से इसमें उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बागवानी किसानों की आय वृद्धि, कृषि विविधीकरण तथा रोजगार सृजन का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रही है।

किसानों, उद्यमियों और युवाओं को बागवानी से जुड़ी नवीनतम तकनीकों, उन्नत पौध सामग्री तथा फल एवं सब्ज़ी उत्पादन, प्रसंस्करण, संरक्षण और विपणन की आधुनिक प्रणालियों से अवगत कराने के उद्देश्य से पटना के गांधी मैदान में दिनांक 6 से 8 फरवरी तक भव्य बागवानी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव बागवानी क्षेत्र में ज्ञान, नवाचार और अवसरों को सुदृढ़ करने का एक प्रभावी मंच सिद्ध होगा।

इस बागवानी महोत्सव में सब्ज़ी, मशरूम, फल, फल संरक्षण उत्पाद, शहद, पान के पत्ते, गमलों में शोभाकार पत्तीदार पौधे, बोनसाई, जाड़े के मौसमी फूलों के पौधे, विभिन्न प्रकार के कैक्टस एवं सक्युलेंट पौधे, विभिन्न किस्मों के पाम, कटे फूल (डंठल सहित), कलात्मक पुष्प सज्जा एवं नक्काशी, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही आमजनों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता एवं क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के माध्यम से बागवानी को रोजगार और स्वरोजगार का एक प्रभावी माध्यम बनाया जा रहा है। इससे न केवल किसानों की आमदनी में वृद्धि हो रही है, बल्कि ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए भी आजीविका के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

आधुनिक तकनीकों के उपयोग, नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के सहयोग से बागवानी अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर एक उन्नत, वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक कृषि प्रणाली का रूप ले रही है। यही दिशा बिहार के कृषि विकास और किसान समृद्धि की मजबूत नींव है।

मंत्री ने सभी किसान भाइयों-बहनों, उद्यमियों एवं युवाओं से अपील की कि वे इस बागवानी महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और बागवानी के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *