-सभी मामलों में पुलिस ने किया आरोपितों को गिरफ्तार
बीपी डेस्क। राष्ट्रीय जनता दल द्वारा सोशल मीडिया पर एक्स के माध्यम से राज्य में विधि व्यवस्था और सरकार पर लगाए गए आरोपों की बिहार पुलिस ने पड़ताल की। इसके बाद शुक्रवार को बिहार पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। बिहार पुलिस ने कहा है कि सभी मामलों में कार्रवाई की गई है और संबंधित आरोपितों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
विदित हो कि राजद ने गुरुवार को वर्तमान में कुछ घटित आपराधिक घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से एक्स पर ट्वीट कर राज्य में विधि व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया था। बिहार पुलिस ने इन मामलों की पड़ताल की, जिसमें पुलिस ने सभी कांडों में कार्रवाई करते हुए संबंधित आरोपितों को गिरफ्तारी कर चुकी है।
बिहार पुलिस के मुताबिक 4 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में आरोपित गुड्डू कुमार उर्फ मनीष कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इसी प्रकार 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपित नाबालिग को बालसुधार गृह भेजा गया है। दरभंगा में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या में आरोपित विकास महतो को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं पटनासिटी में लॉज की महिला मैनेजर से रेप की कोशिश में दिनांक 7 फरवरी को लॉज के किराएदार मुस्ताक आलम द्वारा लॉज की मैनेजर नुसरत जहां सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। इसके पश्चात 8 फरवरी को नुशरत जहां द्वारा किरायेदार मुस्ताक के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास से संबंधित केस दर्ज कराया गया था।
डोरीगंज में नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म मामले में नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। भागलपुंर में दुष्कर्म और हत्या का मामला पुराना है। इसी प्रकार फूल तोड़ने निकली 8 वर्ष की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म मामले में आरोपित गोपाल मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। भोजपुर में डांसर के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में आरोपित जितेंद्र कुमार यादव, अशोक कुमार और लक्ष्मण यादव को गिरफ्तार किया गया है।
शेखपुरा में स्कूल जाते समय 8 साल की बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म करने के मामले में आरोपित मो.इंजमामुल हक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया गया है। इसी प्रकार सहरसा में डेढ़ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में आरोपित राज कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। नवाद में महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में आरोपित विनीत यादव, रामस्वरूप राजवंशी, को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और इसमें शामिल एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
तारापुर में भांजी के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपित सौरभ कुमार को गिरफ्तार किया गया है। बेगूसराय में किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास में आरोपित मो. जमानत, मो. आफताब, मो. मिस्टर और मो. इम्तियाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
