बीपी डेस्क। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया है. तेजस्वी ने राज्य की गिरती कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि बिहार में अब ‘इकबाल’ खत्म हो चुका है और अपराधी बेखौफ होकर गोलियां बरसा रहे हैं. सिर्फ राज्य ही नहीं, बल्कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी तेजस्वी ने अपनी राय रखते हुए बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है.
तेजस्वी यादव ने पटना में मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिहार में हर दिन अपराध का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है. तेजस्वी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब शारीरिक और मानसिक रूप से उतने सक्रिय नहीं रहे, जितने पहले हुआ करते थे.
उनकी याददाश्त और पकड़ दोनों कमजोर हो चुकी है, जिसका सीधा फायदा अपराधी उठा रहे हैं. तेजस्वी ने न केवल मुख्यमंत्री बल्कि बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्रियों को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि जब राज्य में गोलियां चलती हैं, तो सत्ता में बैठे लोग जिम्मेदारी लेने के बजाय एक-दूसरे का मुंह ताकते हैं. तेजस्वी ने कहा, बिहार में ‘लॉ एंड ऑर्डर’ पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है और अब इसकी जगह ‘क्रिमिनल डिसऑर्डर’ ने ले ली है.
अपराधी जिसे चाहते हैं, जहां चाहते हैं, सरेआम गोली मार देते हैं. प्रशासन का डर अपराधियों के मन से निकल चुका है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित सीमांचल दौरे पर तेजस्वी यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे पूरी तरह से बंगाल चुनाव से प्रेरित बताया.
तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी सीमांचल के जरिए बंगाल की चुनावी बिसात बिछाने की कोशिश कर रही है, जबकि बिहार की समस्याओं से उन्हें कोई सरोकार नहीं है. उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही दिल्ली के नेताओं को बिहार की याद आने लगती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही वे बिहार को अपने हाल पर छोड़ देते हैं.
