बीपी डेस्क। बिहार में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. विधानसभा के बजट सत्र में डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि गृह विभाग में 60 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की जाएगी. उन्होंने बताया कि साल 2025 में 15 हजार होमगार्ड की बहाली की प्रक्रिया शुरू हुई, जिनमें से 11438 का नामांकन हो चुका है.
आगे पुलिस बल में 31 हजार जवानों की नियुक्ति होगी. इसके अलावा 13500 होम गार्ड और 17 हजार सैप (SAP) जवानों की भी भर्ती की जाएगी. सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने की भी तैयारी की है. अगलगी की घटनाओं को कम करने के लिए एआई आधारित फायर प्रीडिक्शन सिस्टम लागू किया जाएगा.
इससे आग लगने की आशंका का पहले ही पता चल सकेगा. साथ ही फायर इंजीनियरिंग सेल भी बनाई जाएगी. जबकि जेल व्यवस्था में भी बदलाव की घोषणा की गई है. राज्य की सभी जेलों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए ऑनलाइन निगरानी की जाएगी. किस कैदी से कौन मिलने आया, इसकी पूरी जानकारी रिकॉर्ड में रहेगी. इसके अलावा एक नया हाई सिक्योरिटी जेल और भागलपुर में नया मुक्ति कारागार बनाने का भी ऐलान हुआ है.
साथ ही महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए अभया ब्रिगेड को अब पुलिस दीदी के नाम से जाना जाएगा. यह टीम स्कूल और कॉलेजों के आसपास गश्त करेगी. इसके लिए सरकार 1500 स्कूटी और 2500 मोटरसाइकिल खरीदने की तैयारी कर रही है.
पुलिस कर्मियों के कल्याण पर भी ध्यान दिया गया है. बिहार की सभी 40 पुलिस लाइनों में जीविका दीदी की रसोई खोली जाएगी. साथ ही पुलिस लाइन में रहने वाले जवानों के बच्चों के लिए वहीं स्कूल भी खोले जाएंगे. हर पुलिस लाइन में एक स्कूल स्थापित करने की योजना है. गृह मंत्री ने यह भी कहा कि अग्निवीरों को बिहार पुलिस भर्ती में आरक्षण दिया जाएगा.
