नीट छात्रा की मौत मामले में CBI की टीम पहुंची जहानाबाद, परिजनों से को तीन घंटे तक पूछताछ

पटना

बीपी डेस्क। पटना में नीट छात्रा की मौत मामले में अब सीबीआई जांच कर रही है. रविवार को सीबीआई की टीम जहानाबाद पहुंची. जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम आईजी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में छात्रा के गांव पहुंची थी. टीम ने पीड़िता के परिजनों से लगभग तीन घंटे तक पूछताछ की.

इस दौरान घटना से जुड़े हर एंगल पर बारीकी से जानकारी ली गई. जांच टीम ने घर के अलग-अलग हिस्सों का भी निरीक्षण किया और परिवार की तरफ से दिए गए डॉक्यूमेंट्स और सबूतों का अवलोकन किया. टीम ने परिजनों से कहा कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर ही की जाएगी.

इस मामले में अब तक राज्य की एसआईटी की टीम जांच की जा रही थी, लेकिन परिजन लगातार एसआईटी जांच पर असंतोष जता रहे थे. उनका आरोप था कि जांच में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है. ऐसे में मामले को सीबीआई को सौंपे जाने के बाद परिजनों ने राहत भरी सांस ली है.

पीड़िता के परिजन ने बताया कि उन्हें अब केंद्रीय एजेंसी की जांच पर भरोसा है और उम्मीद है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. जहानाबाद में सीबीआई की टीम के पहुंचने पर गांव में भी लोगों के बीच यह चर्चा है कि सीबीआई जांच से मामले का निष्पक्ष खुलासा संभव हो पाएगा.

इससे पहले सीबीआई की टीम शंभू गर्ल्स हॉस्टल पहुंची थी. टीम के साथ SIT के अधिकारी और केस की आईओ सचिवालय SDPO डॉ. अन्नू भी मौजूद थीं. करीब साढ़े तीन घंटे तक चली पड़ताल में हॉस्टल के उस कमरे को बारीकी से खंगाला गया, जहां छात्रा रहती थी. सीबीआई अधिकारियों ने न सिर्फ कमरे की तलाशी ली, बल्कि हॉस्टल के एंट्री और एग्जिट गेट का भी निरीक्षण किया.

CCTV फुटेज के आधार पर SIT ने CBI टीम को पूरी घटना की जानकारी दी. छात्रा कब हॉस्टल पहुंची, ऑटो से कहां उतरी, किस समय कमरे में गई और उसकी तबीयत कब बिगड़ी. इन सभी सवालों के जवाब तलाशने की कोशिश की गई. इस दौरान CBI टीम हॉस्टल से पांच बोरी भरकर कॉपी, किताबें, दस्तावेज और कपड़े अपने साथ ले गई है.