चंपारण की खबर : बगहा-2 में रेलवे फाटक बंद किये जाने के विरोध में निकाला कैंडल मार्च

बेतिया

बेतिया, राजन द्विवेदी। गोरखपुर रेल मंडल के द्वारा पश्चिम चंपारण जिले में गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर स्थित बगहा-2 में रेलवे फाटक बंद करने के विरोध में स्थानीय व्यवसायी और नागरिकों ने शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला।

बता दें कि बगहा – दो में रेलवे फाटक बंद किए जाने के फैसले के खिलाफ आक्रोशित व्यवसायी और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। शहर के स्टेट बैंक चौराहा से लेकर रेलवे स्टेशन तक सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोगों ने हाथों में कैंडल लेकर शांतिपूर्ण मार्च निकाला और प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन कर रहे व्यवसायियों का कहना था कि रेलवे फाटक बंद होने से उनके व्यवसाय पर गहरा असर पड़ेगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी चिंता जताई है कि इस फैसले से हजारों छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होगी।

अगर रेलवे फाटक बंद हुआ तो हम लोगों का व्यवसाय ठप हो जायेगा और छोटे-छोटे बच्चों को करीब 50 फीट ऊंची सीढ़ियां चढ़ने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग किया है कि फाटक बंद करने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था, जैसे अंडरपास या अन्य सुविधाएं, सुनिश्चित की जाएं ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। लोगों का कहना है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और तेज किया जायेगा।