चंपारण की खबर : देशभर में सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार के लिए पूर्वी चंपारण चयनित, राष्ट्रपति कल करेंगी सम्मानित

मोतिहारी

बताया नवाचारों के परिणामस्वरूप निर्बाध और बगैर व्यवधान के निर्वाचन हुए संपन्न

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 में अच्छा प्रदर्शन के लिए पूर्वी चंपारण जिले को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देशभर में सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार (बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड) के लिए चयनित किया गया है। कल दिनांक 25 जनवरी को पूर्वी चंपारण जिले की टीम को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

यह उपलब्धि जिले के सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों, मतदाताओं एवं आम जनता के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। पूर्वी चंपारण जिले में स्वचालित जीपीएस आधारित सीएपीएफ तैनाती प्रणाली विकसित की गई, जिसने तैनाती योजना का समय कई दिनों से घटाकर कुछ ही मिनटों में कर दिया और पूर्ण सटीकता के साथ सम्पन्न हुआ।

जीपीएस विश्लेषण का उपयोग करते हुए सभी मतदान केंद्रों पर बल आवंटन को अनुकूलित किया गया। इसके अतिरिक्त क्यूआर-कोड नेविगेशन, इंटरैक्टिव बूथ मैपिंग, पूर्व-मुद्रित रजिस्टर और रियल-टाइम डैशबोर्ड सहित व्यापक डिजिटल उपकरण तैयार किए गए।

इन नवाचारों के परिणामस्वरूप निर्बाध और बिना किसी व्यवधान के निर्वाचन संपन्न हुआ तथा शून्य घटनाओं के साथ मतदान प्रतिशत में वृद्धि दर्ज की गई, जो वर्ष 2020 के 60.28 प्रतिशत से बढ़कर वर्ष 2025 में 71.55 प्रतिशत तक पहुंचा।

बिहार विधान सभा आम निर्वाचन को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में सम्पूर्ण टीम के सामूहिक प्रयासों एवं नवीन तकनीकी पहलों के परिणामस्वरूप ही पूर्वी चंपारण जिला को यह गौरवशाली उपलब्धि प्राप्त हुई है। यह सम्मान पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *