चंपारण की खबर : गणतंत्र दिवस को लेकर प्रभारी डीएम ने पूर्वाभ्यास का लिया जायजा

मोतिहारी

बताया कि जिला प्रभारी मंत्री विजय चौधरी करेंगे ध्वजारोहण

मोतिहारी , राजन द्विवेदी। ऐतिहासिक गांधी मैदान में आगामी 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के लिए शनिवार को भव्य पूर्वाभ्यास किया गया। इस पूर्वाभ्यास का नेतृत्व प्रभारी जिलाधिकारी सह अपर समाहर्ता (एडीएम) मुकेश सिंह ने किया। उन्होंने तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न टुकड़ियों के जवानों ने परेड का अभ्यास किया। जवानों को राष्ट्रध्वज को सलामी देने, मार्च पास्ट और अनुशासन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया। एडीएम मुकेश सिंह, सदर एसडीओ और सदर डीएसपी दिलीप सिंह ने परेड का निरीक्षण किया।

उन्होंने परेड की एकरूपता, अनुशासन और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा। एडीएम मुकेश सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूर्वाभ्यास के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि मुख्य कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

उन्होंने कहा कि जवानों को सलामी देने की विधि, मंच के सामने परेड की प्रक्रिया और कार्यक्रम के क्रम से संबंधित सभी बिंदुओं पर अभ्यास कराया गया है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री विजय चौधरी ध्वजारोहण करेंगे।

इसके लिए मंच, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण ढंग से मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *