चंपारण की खबर : महापौर ने शहर में सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण, सफाई एजेंसी को दी हिदायत

मोतिहारी

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। शहर की मुख्य सड़कों पर द्वितीय पाली में संचालित सफाई व्यवस्था का निरीक्षण नगर निगम की महापौर प्रीति कुमारी ने किया। निरीक्षण के क्रम में महापौर ने हिन्दी बाजार चौक पर उपस्थित शहरवासियों से सफाई व्यवस्था को लेकर संवाद किया।
इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने संबंधित एजेंसी पर सफाई कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायत की।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने मौके पर उपस्थित एजेंसी के सुपरवाइजर को सख्त निर्देश दिया कि सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित रूट पर कार्यरत सफाई कर्मियों की उपस्थिति की जांच की गई।

जांच के दौरान उक्त रूट पर सफाई कर्मियों की संख्या कम पाई गई, जिस पर संबंधित एजेंसी को निर्धारित संख्या के अनुसार सफाई कर्मियों की तत्काल नियुक्ति करने का निर्देश दिया। मोतिहारी शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने सभी वार्डों में प्रातः एवं रात्रि दोनों समय नियमित रूप से मुख्य सड़कों की सफाई कराई जा रही है।

नगर निगम यह स्पष्ट करता है कि भविष्य में यदि किसी भी एजेंसी द्वारा सफाई कार्य में लापरवाही पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कड़ी एवं उचित कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम आम नागरिकों से भी अपील करता है कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *