चंपारण की खबर : बिहार में नई सरकार का जल्द होगा गठन : मंत्री

मोतिहारी

कहा कि लोगों को थोड़ा इंतजार करना चाहिए

मोतिहारी , राजन द्विवेदी। बिहार सरकार के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री लखविंदर पासवान ने मोतिहारी में राज्य की राजनीति को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में जल्द ही नई सरकार का गठन होगा।लोगों को थोड़ा इंतजार करना चाहिए।

मंत्री पासवान ने नई सरकार के गठन को लेकर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जल्द ही इसकी तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में बिहार की राजनीति में स्थिरता बनी रहेगी और विकास की गति तेज होगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के लगातार विकास की बात कही। मंत्री ने दावा किया कि राज्य में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय के क्षेत्रों में निरंतर कार्य हो रहा है और सरकार आगे भी इन दिशाओं में प्रतिबद्ध रहेगी।

निशांत कुमार के राजनीति में सक्रिय होने के सवाल पर मंत्री पासवान ने सकारात्मक टिप्पणी की। कहा कि युवाओं को राजनीति में आगे आना चाहिए और निशांत कुमार का सक्रिय होना एक अच्छी पहल है। हालांकि, सरकार में उनकी भूमिका का निर्णय शीर्ष नेतृत्व तय करेगा।

इस दौरान उन्होंने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पर भी टिप्पणी की। मंत्री ने कहा कि प्रशांत किशोर ने पहले निशांत कुमार को लेकर जो टिप्पणियां की थीं, वे सार्वजनिक हैं। अब जब निशांत कुमार राजनीति में सक्रिय हो रहे हैं, तो लोग उनकी राजनीतिक क्षमता की तारीफ कर रहे हैं।

मंत्री लखविंदर पासवान के इस बयान के बाद बिहार की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। नई सरकार के गठन को लेकर जारी चर्चाओं के बीच उनके इस बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।