मोतिहारी, राजन द्विवेदी। जिले के सुगौली थाना क्षेत्र अंतर्गत छपवा-रक्सौल मुख्य मार्ग पर स्थित ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक शैलेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिक्षक शैलेंद्र सिंह अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद शिक्षक सड़क पर गिरकर अचेत हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना पर सुगौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुगौली भेजा। प्राथमिक उपचार बाद डॉक्टरों ने मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
शिक्षक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
