उपभोक्ता संरक्षण और मानक माप-तौल प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस पहल- राम कृपाल यादव

पटना

-माप-तौल शिविरों से पारदर्शी व्यापार व्यवस्था को मिला बल
-99,793 प्रतिष्ठानों का सत्यापन एवं 41,999 का निरीक्षण

बीपी डेस्क। कृषि मंत्री, बिहार श्री राम कृपाल यादव ने कहा कि कृषि विभाग के माप-तौल संभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में उपभोक्ता संरक्षण एवं पारदर्शी व्यापार व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की सक्रियता के परिणामस्वरूप राज्य में माप-तौल प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है।

मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में माह जनवरी, 2026 तक कुल 441 शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। इन शिविरों के माध्यम से व्यापक स्तर पर माप-तौल उपकरणों का सत्यापन किया गया है, जिससे बाजार में पारदर्शिता एवं अनुशासन स्थापित हुआ है।

उन्होंने आगे बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनवरी माह तक कुल 31.31 करोड़ रुपये का राजस्व संकलन किया गया है। साथ ही 99,793 प्रतिष्ठानों का सत्यापन एवं 41,999 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है। यह दर्शाता है कि विभाग द्वारा प्रवर्तन एवं निगरानी की कार्रवाई सतत रूप से की जा रही है।

कृषि मंत्री ने कहा कि माह जनवरी, 2026 के दौरान राज्य के 50 विभिन्न स्थानों पर विशेष माप-तौल सत्यापन शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रतिष्ठानों में प्रयुक्त उपकरणों की जाँच की गई, जिसके फलस्वरूप 16.46 लाख रुपये का राजस्व संकलित हुआ।

उन्होंने कहा कि यह अभियान व्यापारिक प्रतिष्ठानों में मानक एवं प्रमाणित माप-तौल उपकरणों के उपयोग को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी समय में भी शिविरों एवं निरीक्षण अभियान को और सघन किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा, व्यापार में पारदर्शिता तथा राज्य के राजस्व में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *