मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान बक्सर जिले को दी 592 करोड रुपये की योजनाओं की सौगात, 64 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास

बक्सर

मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिये तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश

विक्रांत। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में बक्सर जिलान्तर्गत 592 करोड़ रुपये की लागत से 64 विकासात्मक योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 486 करोड़ रुपये की लागत से 23 योजनाओं का शिलान्यास एवं 106 करोड़ रुपये की लागत से 41 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने 7 हजार 441 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत 33 करोड़ 17 लाख रुपए का सांकेतिक चेक, 7 हजार 859 जीविका स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न बैंकों द्वारा प्रदत ऋण के तहत 100 करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का सांकेतिक चेक, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग अंतर्गत विशेष सहायता योजना के तहत अनुदान भुगतान का सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, कुशल युवा कार्यक्रम का प्रमाण पत्र आदि लाभुकों को प्रदान किया।

मुख्यमंत्री के आगमन पर जीविका दीदियों ने स्वागतगान कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से बातचीत करते हुए कहा कि आप सभी का बिहार के विकास मैं अहम भूमिका है। आप सभी जीविका दीदियां पूरे बिहार में काफी अच्छा काम कर रही हैं। इसी प्रकार आगे भी पूरी लगन से काम करते रहिए। सरकार आपके साथ है।

मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियानवयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इन योजनाओं में उद्वह सिंचाई योजना सहित मलई बराज योजना का निर्माण कार्य, बक्सर-कोईलवर गंगा तटबंध के सुदृढ़ीकरण, कालीकरण तथा सुरक्षात्मक कार्य (51.720 कि०मी०), भोजपुर-सिमरी पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य (कुल लम्बाई-9.30 कि०मी०),

बक्सर गोलम्बर से ज्योति चौक भाया बस स्टैंड पथ का चौड़ीकरण (4-लेन) एवं मजबूतीकरण कार्य (कुल लम्बाई-3.00 कि०मी०), बड़ी मस्जिद से सेन्ट्रल जेल तक पथ का चौड़ीकरण कार्य (कुल लम्बाई 4.20 कि०मी०), एन0एच0-922 से प्रखंड कार्यालय, ब्रह्मपुर वाया ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर तक पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य (कुल लम्बाई-2.50 कि०मी०), बक्सर नगर परिषद अंतर्गत 620 क्षमता वाले अटल कला भवन का निर्माण,

प्रखण्ड -सह- अंचल कार्यालय, बक्सर सदर में नये भवन का निर्माण, धनसोई बाजार बाईपास निर्माण कार्य (कुल लम्बाई 4.05 कि०मी०), बक्सर जिला अन्तर्गत आई०टी०आई० बक्सर के मैदान में स्टेडियम का निर्माण कार्य, एन०एच० 922 से उत्तर प्रदेश के बलिया जिला (एन0एच0-19) को जोड़ने वाले गंगा नदी पर निर्मित जनेश्वर मिश्र पुल (बयासी पुल) के पहुंच पथ का निर्माण कार्य, भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां संगीत कॉलेज की स्थापना, प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय भवन, सिमरी, चौसा, चौगाई और केसठ का निर्माण कार्य आदि शामिल है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी योजनाओं का कार्य तय समय सीमा के अंदर पूर्ण कराएं। बक्सर जिला के विकास के लिए ये सभी योजनाएं काफी महत्वपूर्ण है। इन कामों के पूरा होने से इलाके का और अधिक विकास होगा तथा लोगों को इसका फायदा मिलेगा। बक्सर के आई०टी०आई० मैदान में मुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने बक्सर जिला अंतर्गत आई०टी०आई० मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 592 करोड़ रुपये की लागत से 64 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 106 करोड़ रुपये की लागत से 41 योजनाओं का उद्घाटन तथा 486 करोड़ रुपये की लागत से 23 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया गया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो० जमा खान, विधायक श्री संतोष निराला, विधायक श्री आनंद मिश्रा, विधायक श्री राहुल कुमार सिंह, पूर्व विधान पार्षद श्री हुलास पांडेय, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री अनिमेश कुमार पराशर, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ० सत्यप्रकाश, बक्सर जिलाधिकारी श्रीमती साहिला, पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।