ऊर्जा सचिव ने एडीबी की निदेशक के साथ की बैठक, बिहार में ऊर्जा क्षेत्र में निवेश एवं विकास के अवसरों पर हुई चर्चा

पटना

बीपी डेस्क। बिहार में ऊर्जा क्षेत्र में निवेश एवं विकास की संभावनाओं को लेकर ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह (भा.प्र.से.) ने शुक्रवार को एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की निदेशक (दक्षिण एशिया) सुश्री सुजाता गुप्ता एवं जेम्स कोलंथराज (प्रधान ऊर्जा विशेषज्ञ), एडीबी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में ऊर्जा क्षेत्र में संभावित निवेश, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े अवसरों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड एवं बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीजीसीएल) के प्रबंध निदेशक श्री महेंद्र कुमार (भा.प्र.से.), नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड एवं बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार (भा.प्र.से.) सहित ऊर्जा विभाग के वरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान राज्य में विद्युत उत्पादन क्षमता के विस्तार, वितरण व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के नए अवसरों तथा नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गयी।

एडीबी प्रतिनिधिमंडल को राज्य सरकार द्वारा ऊर्जा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी दी गई। बैठक में इस बात पर सहमति व्यक्त की गई कि ऊर्जा क्षेत्र में सतत् विकास एवं निवेश को बढ़ावा देने हेतु एडीबी के साथ सहयोग की संभावनाओं को आगे और सुदृढ़ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *