बीपी डेस्क। बिहार का खजाना खाली खोने के राजद के आरोपों के बीच मंगलवार को बिहार विधान परिषद में वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने बड़ी घोषणा की. उन्होंने बजट पर आयोजित वाद-विवाद का जवाब देते हुए राजद के सदस्यों को आड़े हाथों लिया. राज्य में वित्तीय स्थिति पूरी तरह से सही होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि राजद के लोगों द्वारा भ्रामक बातें की जा रही हैं. इस दौरान विजेंद्र यादव के वक्तव्य के बीच में टोकाटोकी करने वाले विपक्षी सदस्यों को भी उन्होंने खूब लताड़ा.
यहां तक कि विजेंद्र यादव और राजद के वरिष्ठ सदस्य अब्दुल बारी सिद्दीकी के बीच विनोदपूर्ण माहौल में नोकझोंक भी देखने को मिली. जब वीरेंद्र यादव अपनी बात रख रहे थे तब सिद्दीकी ने उन्हें टोका कि आप भी तो राजद से जुड़े रहे हैं. इस पर विजेंद्र यादव ने कहा कि वे कभी भी राजद से जुड़े नहीं रहे हैं.
यहां तक कि 1990 के विधान सभा चुनाव में वे जनता दल के टिकट पर जीते थे. विजेंद्र यादव ने यह भी कहा कि आप (सिद्दीकी) तब चुनाव हार गए थे. समझदारी को लेकर उठाये गए सिद्दीकी के सवाल पर तंज कसते हुए विजेंद्र ने कहा कि आप में अगर होती तो आप आज राजद में नहीं रहते. इसी बीच राज्य के सरकारी कर्मचरियों के लिए एक बड़ी घोषणा भी वित्त मंत्री ने की.
उन्होंने कहा कि राजद के लोग कहते हैं कि बिहार का खजाना खाली है. लेकिन ऐसी कोई बात नहीं है. हमारी माली हालात पूरी तरह स्थिर है. किसी को भ्रम फ़ैलाने की जरूरत नहीं है. विजेंद्र यादव ने ऐलान किया कि इस बार राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों को होली के पहले ही फरवरी महीने का वेतन मिल जाएगा. साथ ही उन्होंने तंज कसा कि हम कोशिश करेंगे कि होली के पहले विपक्ष के सदस्यों का वेतन नहीं मिले. इस पर सदन में विनोदपूर्ण माहौल देखने को मिला.
