बीपी डेस्क। बिहार में शिक्षक बहाली की तैयारी तेज हो गई है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को TRE-4 और प्रधानाध्यापक भर्ती के लिए अधियाचना मिल गई है. करीब 46 हजार पदों के लिए प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है. यह अधियाचना सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से आई है.
आयोग ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिस भी जारी कर दिया है. TRE-4 के तहत लगभग 44 हजार शिक्षकों की भर्ती होगी. चार दिन पहले ही रोस्टर सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा गया था. भर्ती कक्षा 1 से 12 तक के लिए होगी.
कक्षा 1 से 8 तक करीब 20 हजार पद हैं.
कक्षा 9 से 10 तक लगभग 12 हजार पद हैं.
कक्षा 11 से 12 तक करीब 13 हजार पद भरे जाएंगे.
गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और कॉमर्स विषय में सबसे अधिक पद रहने की संभावना है. 16 फरवरी को छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में पटना में बड़ा प्रदर्शन प्रस्तावित था. इससे पहले ही आयोग ने नोटिस जारी कर दिया. इससे अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है कि अब प्रक्रिया तेज होगी. जल्द ही समेकित विज्ञापन जारी किया जाएगा.
फिलहाल बिहार में करीब 6 लाख शिक्षक कार्यरत हैं. पिछले दो वर्षों में TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के तहत लगभग 2.27 लाख शिक्षकों की नियुक्ति हुई है. करीब 3 लाख नियोजित शिक्षक सक्षमता परीक्षा पास कर राज्यकर्मी बन चुके हैं. शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने भी संकेत दिया है कि TRE-4 की वैकेंसी जल्द जारी होगी.
इस भर्ती में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा. इसका लाभ बिहार के मूल निवासी अभ्यर्थियों को दिया जाएगा. इस बार एक अभ्यर्थी का केवल एक ही रिजल्ट जारी होगा. पहले अलग-अलग कक्षाओं के लिए कई रिजल्ट आते थे. इस भर्ती में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू होगी.
शिक्षा विभाग के साथ SC-ST और पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में भी शिक्षक और प्रधानाध्यापक पद भरे जाएंगे. आयोग जल्द समेकित विज्ञापन जारी करेगा. इसके बाद अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
