बीपी डेस्क। आज भारत और पाकिस्तान के बीच श्रीलंका के प्रेमदासा स्टेडियम में भिड़ंत होगी. बॉयकॉट ड्रामा के बाद पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए तैयार हुई है. मुकाबले से ठीक पहले टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर सामने आई है. विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा नेट पर पसीना बहाते नजर आए हैं. जिससे उनके पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की उम्मीद बढ़ गई है.
अभिषेक शर्मा नेट सत्र में दमदार बल्लेबाजी करते नजर आए. बाएं हाथ के इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज ने नेट सत्र में लगभग 30 मिनट तक बिना किसी परेशानी की बल्लेबाजी की. वह इस दौरान पूरी तरह फिट नजर आए. जबकि भारत का अभ्यास सत्र हल्की लेकिन लगातार बारिश से प्रभावित रहा और खिलाड़ियों को इंडोर अभ्यास करना पड़ा.

अभिषेक ने शुरुआत में स्पिनरों कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती का सामना किया और आक्रामक अंदाज में बड़े शॉट लगाए. उन्होंने तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी खुलकर शॉट खेले. उनके फुटवर्क में ज्यादा हलचल नहीं दिखी, लेकिन तेज हाथों और गेंद की लेंथ को भांपने की क्षमता ने इसकी भरपाई कर दी.
वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी मुस्कुराते हुए संकेत दिया था कि अभिषेक मैच के लिए तैयार हैं. साथ ही अभिषेक की संभावित वापसी की स्थिति में संजू सैमसन को अंतिम एकादश से बाहर होना पड़ सकता है. अभिषेक अपनी आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद के साथी ईशान किशन के साथ पारी का आगाज कर सकते है.
बतातें चलें कि नामीबिया के खिलाफ मैच से पेट में संक्रमण के कारण बाहर रहे अभिषेक ने नयी दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया था जिससे रविवार को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच में उनकी उपलब्धता पर संशय पैदा हो गया था.
