-परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने वाले परीक्षार्थियों की होगी गहन चेकिंग
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय। 30 जनवरी 2026 को नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में इन्टरमीडिएट वार्षिक परीक्षा शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में कदाचार रहित परीक्षा संचालन के लिए सभी प्रतिनियुक्त स्टैटिक जोनल, सुपर जोनल दल दण्डाधिकारियों, सम्बद्ध पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ संबंधित केन्द्राधीक्षकों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग किया गया।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा का आयोजन 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा के लिए जिला में 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बिहारशरीफ में 31 परीक्षा केंद्र, राजगीर में 4 परीक्षा केंद्र तथा हिलसा में 5 परीक्षा केंद्र पर परीक्षा का आयोजन होगा। छात्राओं के लिए 18 परीक्षा केंद्र तथा छात्रों के लिए 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इस परीक्षा में 23132 छात्र एवं 21220 छात्रा, कुल 44352 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी केंद्राधीक्षक को परीक्षा के संचालन के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा निर्गत निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। परीक्षा में परीक्षार्थी को किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा केंद्र पर केंद्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी अन्य प्रतिनियुक्त पदाधिकारी,कर्मी को मोबाईल साथ ले जाना प्रतिबंधित है। परीक्षार्थियों के लिए जूता मौजा पहनकर परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश करना वर्जित रहेगा। परीक्षार्थियों को प्रथम पाली की परीक्षा प्रारंभ होने के लिए निर्धारित समय 9:30 बजे से 30 मिनट पूर्व अर्थात पूर्वाह्न 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा प्रारंभ होने के लिए निर्धारित समय अपराह्न 02:00 बजे से 30 मिनट पूर्व अर्थात अपराह्न 1:30 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
विलंब से आने वाले परीक्षार्थी को परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।जिलास्तरीय नियंत्रण कक्ष टॉल फ्री नं – 18003456323 पर कार्यरत रहेगा। सभी परीक्षा केंद्रों के आस पास की फ़ोटो स्टेट स्टेशनरी की दुकानों की भी जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर बनाये रखने को कहा गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, नालंदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नालन्दा सहित संबंधित केंद्राधीक्षक , दण्डाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
